चीन के शेयर बाजार का मार्केट कैपिटलाइजेशन (MCAP) 2015 के बाद पहली बार 10 लाख करोड़ डॉलर से ज्यादा हो गया है। साथ ही चीन के बाजार के प्रमुख इंडेक्स में इस साल दुनिया के सभी प्रमुख बाजारों के मुकाबले ज्यादा उछाल दर्ज किया गया है। कोरोनावायरस महामारी को तेजी से नियंत्रित करने और बाजार को सुस्ती से बाहर निकालने का लाभ चीन के स्टॉक मार्केट को मिला है।
साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की एक रिपोर्ट के मुताबिक सोमवार को शंघाई और शेंझेन एक्सचेंज पर लिस्टेड सभी शेयरों का कुल एमकैप 10.04 लाख करोड़ डॉलर हो गया। इससे पहले सिर्फ एक बार जून 2015 में इसने कुछ समय के लिए 10.05 लाख करोड़ डॉलर एमकैप हासिल किया था। हालांकि इसके तीन महीने बाद ही यह घटकर करीब आधा रह गया था।

अमेरिका के बाद दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा बाजार
चीन अब अमेरिका के बाद दूसरा सबसे बड़ा शेयर बाजार है। अमेरिका के स्टॉक मार्केट का कुल एमकैप 38.3 लाख करोड़ डॉलर है। इसके बाद तीसरे स्थान पर जापान और चौथे पर हांगकांग है।
ये हैं दुनिया के 4 सबसे बड़े बाजार
- अमेरिका : 38.3 लाख करोड़ डॉलर MCAP
- चीन : 10.04 लाख करोड़ डॉलर MCAP
- जापान : 6.2 लाख करोड़ डॉलर MCAP
- हांगकांग : 5.9 लाख करोड़ डॉलर MCAP
दूसरी तिमाही में ही आर्थिक गिरावट से बाहर निकल गया था चीन
चीन की अर्थव्यवस्था दूसरी तिमाही में ही गिरावट से उबर गया था। जून तिमाही में चीन की जीडीपी 3.2 फीसदी बढ़ी थी। इससे पहले मार्च तिमाही में कोरोना संकट के कारण यह 6.8 फीसदी गिर गई थी। बाजार को तीसरी तिमाही में 5.2 फीसदी तेजी का अनुमान है। सितंबर तिमाही के जीडीपी आंकड़े 19 अक्टूबर को आएंगे।
दुनिया में सबसे ज्यादा उछला शंघाई कंपोजिट इंडेक्स
शंघाई कंपोजिट इंडेक्स इस साल 10 फीसदी मजबूत हुआ है। प्रमुख ग्लोबल इंडेक्स के मुकाबले यह सबसे ज्यादा बढ़ा है। शेंझेन शेयर बाजार का स्टार्टअप्स वाला चीनेक्स्ट इंडेक्स 50 फीसदी से भी ज्यादा मजबूत हुआ है। जबकि एमएससीआई एशिया-पैसिफिक इंडेकस 2020 में 3.7 फीसदी और एमएससीआई वर्ल्ड इंडेक्स 5.1 फीसदी मजबूत हुआ है। इस साल मार्च में शंघाई कंपोजिट इंडेकस में 13 फीसदी गिरावट आई थी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Post a Comment